पटना/पुनपुन। बिहार में नदियों के बढ़ते जलस्तर का असर अब रेल परिचालन पर भी दिखने लगा है। पुनपुन नदी का पानी शुक्रवार की रात पुनपुन घाट स्थित रेल पुल संख्या-21 के डाउन ट्रैक पर चढ़ गया, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। रेलवे ने गया-पटना और पटना-गया रूट की चार मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे पुनपुन नदी का पानी डाउन रेलवे ट्रैक तक पहुंच गया। इसके बाद रात 8:10 बजे से डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया। स्थिति को देखते हुए कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों को अप लाइन से चलाया गया।
पुनपुन स्टेशन प्रबंधक संजय गोयल के अनुसार, 22350 वंदे भारत, 2346 जनशताब्दी और 63258 डाउन पैसेंजर ट्रेन को पुनपुन घाट से परसा बाजार तक अप लाइन के रास्ते संचालित किया गया। उन्होंने बताया कि यदि पुनपुन नदी का जलस्तर अगले 30 से 40 सेंटीमीटर तक और बढ़ता है, तो यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अप लाइन पर भी परिचालन बंद करने की नौबत आ सकती है।
रेलवे ने 5 सितंबर को 63242, 63244, 63245 और 63247 गया-पटना/पटना-गया मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इससे रोजाना इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इधर, पटना जिले में बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चला रहा है। डीएम कुन्दन कुमार ने एसडीओ, अंचलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया है।
जलजमाव वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों तक पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं धनरुआ प्रखंड में दरधा नदी के किनारे सीताचक, वीर पंचायत और देवदाहा क्षेत्रों में तटबंधों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम भी तेज कर दिया गया है।
प्रशासन और रेलवे दोनों की नजर अब पुनपुन नदी के जलस्तर पर टिकी हुई है। जलस्तर में और वृद्धि होने पर रेल परिचालन के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी स्थिति गंभीर हो सकती है।
#पुनपुन #PunpunRiver #Patna #BiharFlood #BiharNews #RailwayNews #TrainCancelled #VandeBharat #PatnaGayaRailRoute #FloodAlert #Bihar #पटना #बाढ़ #रेलवे_ट्रैक #ट्रेन_रद्द
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

